नशा मुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत विकास भवन में सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह हुआ आयोजित
मादक द्रव्यों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में जनपद कानपुर देहात में संचालित ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ के अंतर्गत विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में विकास भवन में सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए सामूहिक रूप से शपथ ग्रहण की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि नशे की समस्या केवल व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि ‘नशे से दूर रहें, खुशहाल जीवन चुनें, स्वस्थ युवा, समृद्ध भारत’ का संदेश प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में जन-जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाई गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशा मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनपद कानपुर देहात को नशा मुक्त, स्वस्थ एवं समृद्ध बनाने के लिए सभी को सामूहिक सहभागिता के साथ कार्य करना होगा।
कार्यक्रम के दौरान सरकार द्वारा संचालित नशा मुक्ति टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14446 के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि नशे की समस्या से प्रभावित व्यक्ति अथवा उनके परिजन इस हेल्पलाइन पर संपर्क कर परामर्श एवं आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
समारोह में जनपद के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, विकास भवन के समस्त कर्मचारी तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर जनपद को नशा मुक्त बनाने एवं समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
Sach Ke Karib
