जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिलास्तरीय समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न
स्वगणना सुविधा 16 से 30 नवम्बर तक उपलब्ध रहेगी, 01 दिसम्बर से शुरू होगी जनसंख्या गणना
जनगणना कार्य के सफल संचालन हेतु प्रशिक्षण, प्रचार-प्रसार एवं व्यवस्थाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
कानपुर देहात,
जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलास्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि जनसंख्या गणना का कार्य 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। इसके पूर्व 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसके माध्यम से नागरिक स्वगणना पोर्टल पर स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए सभी विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विभिन्न विकास योजनाओं एवं नीतियों का निर्माण किया जाता है। इसलिए जनगणना कार्य में शत-प्रतिशत शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में द्वितीय चरण की तैयारियों, कार्मिकों के प्रशिक्षण, स्वगणना एवं जनगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही जनसामान्य को स्वगणना सुविधा के प्रति जागरूक करने तथा अधिकाधिक लोगों को इसका लाभ लेने हेतु प्रेरित करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री दुष्यंत कुमार मौर्य, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट, जनगणना नोडल अधिकारी वर्तिका गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Sach Ke Karib
