अवैध खनन पर छापा, पांच ट्रैक्टर-ट्राली सीज
पुलिस की गाड़ी देखते ही चालक मौके से भागे,प्लाटों में मिट्टी भराई के लिए हो रहा था खनन
फफूंद,औरैया। थाना क्षेत्र में चल रहे अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ सोमवार को खनन विभाग और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। सिंदुरिया आलमपुर गांव में छापेमारी के दौरान टीम ने मिट्टी खनन में लगे चार ट्रैक्टर- ट्राली और खुदाई की मशीन लगे एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। पुलिस की गाड़ी देखते ही खनन में लगे चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
मुखबिर की सूचना पर सोमवार दोपहर खनन अधिकारी विशिष्ट यादव और थानाध्यक्ष अजय कुमार पुलिस बल के साथ सिंदुरिया आलमपुर गांव पहुंचे। मौके पर ट्रैक्टर में लगे खोंचा और मशीन की मदद से मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। खनन के बाद मिट्टी को नगर क्षेत्र में स्थित प्लाटों में भराई के लिए ले जाने की बात सामने आई। संयुक्त टीम को मौके पर देखकर खनन कर रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। चालक अपने-अपने वाहन छोड़कर भाग निकले। टीम ने चार ट्रैक्टर-ट्राली और खुदाई में प्रयुक्त मशीन लगे ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और सीज कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा l
Sach Ke Karib
