सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत आरसेटी प्रशिक्षणार्थियों को वितरित किए गए प्रमाण-पत्र
राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने युवाओं को आत्मनिर्भरता एवं स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत विकास खंड परिसर अकबरपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, माननीय राज्य मंत्री, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) से विभिन्न व्यवसायिक एवं कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि युवाओं को कौशल विकास एवं स्वरोजगार से जोड़ना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को अपने कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार स्थापित करने तथा अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण एवं उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
इस अवसर पर निदेशक आरसेटी मयंक कटियार ने संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि आरसेटी युवाओं, महिलाओं एवं बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुबोध वर्णवाल, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश कुमार अग्निहोत्री, एडीओ (कृषि) प्रवीर सिंह, एडीओ (आईएसबी) हरीश राठौर, आरसेटी फैकल्टी निखिल मिश्रा तथा राकेश कुमार गुप्ता, खादी विभाग सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस दौरान अधिकारियों द्वारा सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी, कौशल विकास एवं स्वरोजगारपरक योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण, उद्यमिता विकास तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों ने प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने कौशल एवं परिश्रम के बल पर सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे।
Sach Ke Karib
