ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध संयुक्त अभियान, 44 वाहनों पर हुई कार्रवाई
कानपुर देहात, दिनांक 11 जून 2026।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि जनपद कानपुर देहात में आज दिनांक 11 जून 2026 को जनपद स्तरीय टास्क फोर्स के साथ संयुक्त रूप से ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ओवरलोड संचालित वाहनों की सघन जांच की गई तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
उन्होंने बताया कि इस संयुक्त कार्यवाही के अंतर्गत परिवहन विभाग, कानपुर देहात द्वारा कुल 44 ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध चालन एवं बंद की कार्रवाई की गई। साथ ही कार्रवाई के दौरान 30 लाख रुपये से अधिक का प्रशमन शुल्क तथा लगभग 2 लाख रुपये का बकाया कर भी जमा कराया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि यह विशेष अभियान भोगिनीपुर क्षेत्र में संचालित किया गया। उन्होंने कहा कि ओवरलोड वाहनों का संचालन न केवल सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करता है, बल्कि सड़कों को भी क्षति पहुंचाता है। ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
उन्होंने वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करें तथा यातायात एवं परिवहन संबंधी नियमों का पूर्णतः पालन करें, जिससे सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

Sach Ke Karib