जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना हेतु 03 दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ।
जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया शुभारंभ।
राजकीय महाविद्यालय, अकबरपुर में आयोजित हुआ फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम।
जिलाधिकारी ने जनगणना के महत्व, उपयोगिता एवं कार्य की संवेदनशीलता पर विस्तार से डाला प्रकाश।
प्रशिक्षुओं से पूरी निष्ठा, सजगता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का किया आह्वान।
जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी दुष्यंत कुमार मौर्य द्वारा राजकीय महाविद्यालय, अकबरपुर में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना हेतु आयोजित 03 दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह ने जनगणना के महत्व, उपयोगिता एवं कार्य की संवेदनशीलता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय विकास की योजनाओं के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण आधार उपलब्ध कराती है। इसलिए जनगणना कार्य को निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुरूप पूर्ण सावधानी और गंभीरता के साथ संपादित किया जाना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रहे सभी प्रशिक्षुओं से कहा कि वे प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य से संबंधित प्रक्रियाओं, दिशा-निर्देशों एवं तकनीकी पहलुओं को गंभीरता से समझें तथा फील्ड में अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, सजगता एवं उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करें। उन्होंने जनगणना कार्य की विश्वसनीयता एवं शुद्धता बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर सटीक सूचना संकलन, निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जनगणना नोडल अधिकारी वर्तिका गुप्ता, राजकीय महाविद्यालय प्राचार्य संबंधित अधिकारी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
Sach Ke Karib
